मास्टर माइंड पब्लिक स्कूल में बाल संरक्षण एवं अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम
श्रीनगर/पौड़ी, 30 सितंबर। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मास्टर माइंड पब्लिक स्कूल, श्रीनगर गढ़वाल में बाल संरक्षण एवं अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के क्रम में संचालित जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल विवाह की रोकथाम, दत्तक ग्रहण प्रक्रिया, बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
समन्वयक अभिषेक नेगी ने महिला कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली, बाल संरक्षण सेवाओं और दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि यह कानून बच्चों को लैंगिक अपराध और यौन शोषण से संरक्षण प्रदान करता है।
बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता भट्ट ने समिति की भूमिका एवं कार्यप्रणाली के साथ बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी कठिन या असुरक्षित परिस्थिति में बिना संकोच सहायता लेने का आह्वान किया।
जिला बाल संरक्षण इकाई से शिखा खरे ने बाल अधिकारों एवं बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया। वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की पूजा नेगी ने बताया कि संकट, हिंसा, शोषण, बाल विवाह या किसी अन्य कठिन परिस्थिति में फंसे बच्चे सहायता के लिए 1098 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बच्चों को सुरक्षित वातावरण में रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समस्या होने पर अभिभावक, शिक्षक, विश्वसनीय व्यक्ति अथवा संबंधित सहायता तंत्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधियों के अलावा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीना रावत, करीब 170 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।
