2 अक्टूबर को पौड़ी में शराब की दुकानें और बार रहेंगे बंद, बिक्री-परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध
पौड़ी। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आगामी 2 अक्टूबर 2026 को जनपद पौड़ी गढ़वाल में सभी मदिरा की दुकानें और बार पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान मदिरा एवं बीयर की बिक्री, परिवहन और उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने जिले के सभी संबंधित आबकारी प्रतिष्ठानों को निर्धारित तिथि पर बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानें, उपदुकानें, उपगोदाम, मदिरा एवं बीयर गोदाम, सैन्य कैंटीन एवं गोदाम, बार, बॉटलिंग प्लांट, विन्टनरी तथा डिपार्टमेंटल स्टोर सहित सभी संबंधित प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में बंदी के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
