क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक
पाबौ/पौड़ी। मुख्यमंत्री के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ संकल्प के तहत सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड पाबौ के आंगनबाड़ी केंद्र क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र प्रसाद थपलियाल ने कहा कि छह वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किशोरियों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्जियां, फल, मोटे अनाज और दालों को भोजन में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रोटीन, विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर संतुलित आहार बच्चों में कुपोषण तथा महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की समस्या को कम करने में मददगार है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी चन्द्रकान्ता काला ने नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महिला पलाश और बाल पलाश सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी बताई।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने तीन पोषण किट और एक मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। जिला परिवीक्षा कार्यालय से प्रवीन कुमार ने वात्सल्य योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1908 के संबंध में जानकारी दी तथा बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया।
इस अवसर पर उत्तम सिंह बिष्ट, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुमति सहित लाभार्थी प्रियंका, करिश्मा और कांति देवी मौजूद रहीं।
