आपदा क्षति की समीक्षा को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ली बैठक, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुई क्षति और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान मानसून सीजन में जनपद में कुल 459 सड़कें प्रभावित हुई थीं, जिन्हें यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया है। हालांकि, बीते दिनों बारिश के चलते 18 सड़कें प्रभावित हुईं, जिनमें अधिकांश पर यातायात बहाल कर दिया गया है। मंत्री ने शेष क्षतिग्रस्त मार्गों को भी जल्द पूरी तरह सुचारु करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेला में सड़क वाशआउट, पीपलघाट में जलभराव और चाकीसैंण क्षेत्र के मजरा महादेव के समीप क्षतिग्रस्त सड़क की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा से हुई क्षति, राहत वितरण और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आपदा के कारण जिले में 4 जनहानि, 20 पशुहानि, 9 पूर्ण भवन क्षति, 368 आंशिक भवन क्षति, 1.691 हेक्टेयर कृषि भूमि क्षति हुई है, जबकि 43 परिवार प्रभावित हुए हैं।
मंत्री ने कहा कि थलीसैंण क्षेत्र आपदा से सर्वाधिक प्रभावित रहा है, इसलिए वहां राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी को ढूंगरी, रिखोली, डोबरा और बगेली क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को सुरक्षित अस्थायी ठिकानों पर ठहराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ढूंगरी और बगेली क्षेत्रों का भू-गर्भीय सर्वेक्षण कराने को भी कहा।
लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को नानघाट और श्रीनगर क्षेत्र की प्रभावित पेयजल योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त कर आपूर्ति सामान्य करने को कहा गया। ढूंगरी, चमगांव और मंडेली क्षेत्रों में भी निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान आपदा से प्रभावित विद्युत लाइनों, पोलों और ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने निर्माणाधीन हेरिटेज बिल्डिंग और शौर्य स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह रावत, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग पाबौ शिवम मित्तल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
