पौड़ी

आंगन मिलन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को पोषण और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और लाभार्थियों को पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र गुठिंडा में आयोजित कार्यक्रम में सुपरवाइजर ने ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पोषण, बच्चों की वृद्धि की निगरानी और सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया। आशा कार्यकर्त्री ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की। इस दौरान धात्री महिला को पुष्टाहार भी वितरित किया गया।

इसी क्रम में बाल विकास परियोजना कोट के अंतर्गत 13 आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।

आंगनबाड़ी केंद्र कांडई में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेनू देवी एवं जमना देवी, सहायिका रीता देवी एवं अंजू सहित ग्रामीण जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेवाओं और बाल विकास से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा की गईं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन कार्यक्रमों का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक पोषण, स्वास्थ्य, बाल विकास और विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा लाभार्थियों को उपलब्ध सेवाओं से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *