पौड़ी

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की समीक्षा, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

पौड़ी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन तैयारियों, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, मतदान केंद्रों पर सुविधाओं, कार्मिक व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

बैठक में संवेदनशील, क्रिटिकल एवं व्यय संवेदनशील मतदान केंद्रों को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पिछली निर्वाचन प्रक्रिया के आंकड़ों एवं अनुभवों के आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हित मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आश्वस्त सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, फर्नीचर और छाया सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का पूर्व सत्यापन करने तथा कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों तक पहुंच और परिसर की स्थिति का भी निरीक्षण करने को कहा।

अवैध गतिविधियों पर निगरानी के निर्देश

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निवारक कार्रवाई प्रभावी बनाने तथा अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाकर इसे आगामी एक माह में पूरा करने को कहा।

सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं आबकारी निरीक्षकों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती तहसीलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा संबंधित गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर प्रतिमाह रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।

मतदाता जागरूकता और कार्मिक व्यवस्था पर जोर

जिलाधिकारी ने जिला स्वीप कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल ऑन स्वीप-2024 के अनुरूप मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक प्रचार सामग्री तैयार करने को कहा।

निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं तैनाती की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्मिकों का विस्तृत डाटाबेस तैयार रखने और श्रेणीवार कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान एवं मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं को भी समयबद्ध पूरा करने को कहा।

3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी करने तथा 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं से संबंधित प्रकरणों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।

इसके अलावा निर्वाचन व्यय की दृष्टि से संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों एवं स्थानों के चिन्हीकरण, संवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग, निवारक कानून-व्यवस्था संबंधी कार्रवाई और फील्ड स्टाफ से प्राप्त सूचनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीटीओ नमिता सिंह, राज्य कर अधिकारी वरुण रावत, बिलाल खान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *