देहरादून

मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम पर उठे सवाल, मोहित डिमरी ने जताया विरोध

देहरादून। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को उत्तराखंड में प्रस्तावित एक कार्यक्रम में दोबारा मंच दिए जाने को लेकर विरोध शुरू हो गया है। मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के संस्थापक संयोजक मोहित डिमरी ने कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मांग नहीं मानी गई तो क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा पर मंच से कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगे थे। इस मामले में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने और पुलिस जांच की रिपोर्ट सामने आई थी। बाद में शर्मा ने अपने बयान को लेकर माफी भी मांगी थी।

मोहित डिमरी ने कहा कि पहले हुए विवाद के बाद भी मासूम शर्मा को उत्तराखंड में दोबारा मंच दिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कार्यक्रम पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को मंच और अवसर देने की मांग भी उठाई। डिमरी का कहना है कि प्रदेश में प्रतिभाशाली कलाकारों की कमी नहीं है और स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें बड़े मंच उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

कार्यक्रम की आयोजक महिमा वर्मा को लेकर भी डिमरी ने सवाल उठाए और कहा कि उत्तराखंड से जुड़े जिम्मेदार लोगों को ऐसे मामलों में कार्यक्रम से जुड़े कलाकारों के पूर्व विवादों को ध्यान में रखना चाहिए।

डिमरी ने कहा कि यदि कार्यक्रम रद्द नहीं किया गया तो इसके विरोध में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *