पौड़ी

जनता दर्शन में 10 शिकायतों पर सुनवाई, एडीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा, मुआवजा सहित अन्य समस्याओं से संबंधित 10 शिकायतें दर्ज कराईं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में कोटद्वार रोड निवासी पार्वती देवी ने निजी भूमि पर विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने तथा जल संस्थान द्वारा पानी का टैंक बनाए जाने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। मामले का संज्ञान लेते हुए एडीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार मुआवजा भुगतान की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डंडापानी निवासी फतेह सिंह ने रोडसाइड एक्ट के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाने की मांग रखी। इस पर एडीएम ने संबंधित सड़क निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं कलजीखाल के बैर गांव निवासी अनिल सिंह ने पिपला-टेका मोटरमार्ग के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी किए जाने की शिकायत की। मामले में एडीएम ने पीएमजीएसवाई सतपुली को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के निर्देश दिए।

पूर्व शिकायतों का भी हुआ निस्तारण

जनता मिलन कार्यक्रम में पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। तहसील पौड़ी के जसकोट गांव निवासी मनमोहन सिंह ने गुडड़ी-सिंडी-जसकोट मोटरमार्ग पर गड्ढों की समस्या उठाई थी। शिकायत पर लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी के माध्यम से गड्ढों को भरकर मार्ग को गड्ढामुक्त करने की कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार कुखड़ गांव निवासी सुरेंद्र सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायत का कृषि विभाग ने संज्ञान लिया। विभाग द्वारा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भरवाकर शिकायत का समाधान सुनिश्चित किया गया।

विकासखंड पाबौ के ग्राम कोला निवासी बीना देवी ने गांव के रास्तों पर झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही परेशानी की शिकायत दर्ज कराई थी। संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्गों पर झाड़ी कटान का कार्य कराया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम हुआ।

अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, डीएसटीओ राम सलोने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *