पौड़ी

रामनगर ने जीती सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी की अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता

पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत आयोजित सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के बालक वर्ग अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब विधानसभा रामनगर ने अपने नाम किया। रांसी खेल मैदान में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में रामनगर ने विधानसभा देवप्रयाग को ट्राईब्रेकर में 7-6 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में विधानसभा रामनगर और कोटद्वार के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। ट्राईब्रेकर में रामनगर ने कोटद्वार को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में विधानसभा देवप्रयाग ने विधानसभा पौड़ी को 1-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में रामनगर और देवप्रयाग के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर रहीं। इसके बाद ट्राईब्रेकर में रामनगर ने देवप्रयाग को 7-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में विधानसभा पौड़ी ने विधानसभा कोटद्वार को 1-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग में बैडमिंटन, मलखंभ, फुटबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो और पिट्ठू की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक राकेश मोहन बलोदी, राजेंद्र रावत, जगमोहन सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भगवान गुसाईं, नरेश रावत, दिनेश नेगी, सचिन कश्यप, अजयपाल असवाल सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *