चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी
पाबौ/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य समेत 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके निस्तारण की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की गई।
इस दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट और तीन महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं। ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए गए।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं और ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।
वहीं राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में भी कैबिनेट मंत्री ने प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को उचित अवसर और दिशा देना जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान को गति देना है। उन्होंने बताया कि पाबौ विकासखंड के लगभग सभी राजस्व ग्रामों में सड़क सुविधा पहुंच चुकी है। शेष तीन तोकों को सड़क से जोड़ने के लिए एस्टीमेट मांगा गया है और मार्च तक इन्हें भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
