पौड़ी

लोकगीत और गीत-नाट्य के जरिए गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत सांस्कृतिक दल कर रहे जनजागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ की दी जा रही जानकारी

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा गांव-गांव में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोकगीत, स्थानीय भाषा और गीत-नाट्य के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभों की जानकारी दी जा रही है।

इसी क्रम में पराज सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने विधानसभा चौबट्टाखाल के गडरी गांव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने लोकगीत और गीत-नाट्य के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक सरल एवं रोचक अंदाज में पहुंचाई। इस दौरान योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के कारण कार्यक्रम ग्रामीणों के लिए सहज और आकर्षक रहे।

दल प्रमुख प्रेम वल्लभ पंत ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि लोक कला एवं गीत-नाट्य के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाई गई जानकारी प्रभावी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सांस्कृतिक दलों को ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों के लिए जोड़ा गया है।

कार्यक्रम में कुलदीप कुमार, धन सिंह रावत, दीपक खंतवाल, सोनम डोभाल, काव्यांजलि ध्यानी सहित ग्रामीण एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *