सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अंडर-14 और अंडर-19 बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी की बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन रांसी खेल मैदान स्थित इंडोर हॉल में किया गया। प्रतियोगिता के अंडर-14 और अंडर-19 बालक वर्ग में विभिन्न विधानसभाओं से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

अंडर-19 बालक वर्ग बैडमिंटन एकल में चौबट्टाखाल विधानसभा के अनुराग नेगी ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्रीनगर के दक्ष ने द्वितीय तथा रुद्रप्रयाग के सागर नेगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग एकल में रुद्रप्रयाग विधानसभा के अभिनव तरवाड़ा प्रथम, पौड़ी के अक्षत रावत द्वितीय और कोटद्वार के युग प्रताप सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
बैडमिंटन डबल्स के अंडर-19 बालक वर्ग में पौड़ी की जोड़ी ने प्रथम, श्रीनगर ने द्वितीय और नरेंद्रनगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग डबल्स में श्रीनगर ने प्रथम, नरेंद्रनगर ने द्वितीय और रामनगर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर व्यायाम प्रशिक्षक मनोज भारती, ललित राणा, प्रियंका, अतुल गुसाईं, आदेश बहुगुणा, अजयपाल असवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
