पौड़ी

कोट में सेवा संकल्प अभियान के बहुउद्देशीय शिविर में उमड़ा उत्साह, योजनाओं का लाभ पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से विकासखंड कोट में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

 

शिविर में पशुपालन, उद्यान, कृषि, शिक्षा, एनआरएलएम, खाद्य, उद्योग, सहकारिता, स्वास्थ्य, मत्स्य, समाज कल्याण एवं सेवायोजन समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाकर पात्र लोगों को लाभ दिलाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सुशासन की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान महत्वपूर्ण हैं और महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं, बालिकाओं एवं किशोरों सहित विभिन्न वर्गों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

लाभार्थियों को बांटे गए चेक और उपकरण

शिविर में कृषि विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को 4-4 लाख रुपये के फार्म मशीनरी बैंक, एक लाभार्थी को जियोलाइन टैंक और चार लाभार्थियों को नैपसेक स्प्रे वितरित किए गए। मत्स्य विभाग की ओर से एक लाभार्थी को चेक प्रदान किया गया।

ग्रामोत्थान परियोजना के तहत छह लाभार्थियों को चेक और दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, जबकि समाज कल्याण विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से मिल रहे सहयोग के लिए आभार जताया।

विद्यार्थियों ने दिखाए नवाचार

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज कोट के विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिटी, जल संचयन और जल संरक्षण से जुड़े मॉडल एवं नवाचार प्रस्तुत किए। कक्षा सात के छात्र प्रियांशु और कक्षा दस के छात्र शौर्य ने अपने तैयार मॉडल अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली, ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार व आराधना देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णिमा नेगी, ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, डीएसटीओ राम सलोने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *