न्याय पंचायत सुराड़ी में उक्रांद का सदस्यता अभियान एवं संगठन विस्तार
पौड़ी/द्वारीखाल। न्याय पंचायत सुराड़ी के चैलूसैण में शुक्रवार को उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से सदस्यता अभियान एवं संगठन विस्तार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड आंदोलनकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, केंद्रीय प्रचार मंत्री ऋषि शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष राहुल रावत, ब्लॉक अध्यक्ष धनवीर राणा एवं ब्लॉक उपाध्यक्ष निर्मल सिंह भंडारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान न्याय पंचायत सुराड़ी में संगठन विस्तार करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुष्कर सिंह को न्याय पंचायत अध्यक्ष, मदन सिंह को उपाध्यक्ष, प्रशांत भंडारी को ग्राम सभा सुराड़ी बूथ अध्यक्ष, राजेंद्र सिंह भंडारी को संगठन मंत्री, कुमारी ज्योति को प्रचार मंत्री और कुमारी मीनाक्षी को मीडिया प्रभारी बनाया गया।
इस दौरान उक्रांद नेताओं ने नए सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। केंद्रीय प्रचार मंत्री ऋषि शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष राहुल रावत ने संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की बात कही। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष धनवीर राणा ने रोजगार एवं स्थानीय संसाधनों से जुड़े मुद्दों को उठाया। राज्य आंदोलनकारी धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाएं बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में न्याय पंचायतों की मजबूती और बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को दल से जोड़ने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष धनवीर राणा ने की, जबकि संचालन धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। पार्टी की ओर से कहा गया कि यमकेश्वर क्षेत्र में न्याय पंचायत स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन विस्तार अभियान जारी रहेगा।
