पौड़ी

नगर निकायों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

पौड़ी। अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में नगर निकायों की समीक्षा बैठक लेते हुए विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और शहरी क्षेत्रों में संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में खोह नदी के किनारे पार्क निर्माण, आंतरिक सड़कों का निर्माण, श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने, नगर पालिका परिषद पौड़ी में सीवर लाइन निर्माण, दुगड्डा में बहुउद्देशीय भवन और थलीसैंण में वाहन पार्किंग निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों में तेजी लाकर उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करने को कहा।

कूड़ा प्रबंधन और अतिक्रमण पर भी हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों के लिए भूमि चयन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सेप्टेज प्रबंधन, लेगेसी वेस्ट निस्तारण, गौ सदनों की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति तथा नगर निकाय क्षेत्रों में अतिक्रमण की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी विषयों पर नियमित अनुश्रवण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।

बैठक में नगर आयुक्त कोटद्वार पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त श्रीनगर गायत्री बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *