26-27 सितंबर को पौड़ी में भारी बारिश की संभावना, प्रशासन अलर्ट
पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 26 और 27 सितंबर को पौड़ी गढ़वाल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला एवं तहसील स्तर पर आईआरएस से जुड़े अधिकारी तथा विभागीय नोडल अधिकारी अलर्ट मोड पर रहेंगे। बारिश के कारण सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू करेंगे। वहीं पुलिस चौकियों, थानों और तहसीलों में उपलब्ध सैटेलाइट फोन को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने आमजन से मौसम की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने और नदी-नालों, गदेरों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र पौड़ी के दूरभाष 01368-221840 एवं मोबाइल 8279982285 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है।
