सीएमओ ने जयहरीखाल, रिखणीखाल और नैनीडांडा की स्वास्थ्य इकाइयों का किया औचक निरीक्षण
पौड़ी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने शनिवार को जनपद के विकासखंड जयहरीखाल, रिखणीखाल एवं नैनीडांडा क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसव केंद्रों, आपातकालीन व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, कार्मिकों की उपस्थिति और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने इमरजेंसी कक्ष, लेबर रूम, आपातकालीन सेवाओं और रिखणीखाल स्थित बीपीएचयू का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शल्य चिकित्सा में उपयोग होने वाले उपकरणों को प्रतिदिन स्टेरलाइज करने को भी कहा।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रसव सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर जोर
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं हर समय सुचारु रहें और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। प्रसव केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। सभी एएनएम को परिवार नियोजन सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा।
रिखणीखाल में सीएमओ ने एक प्रसूता से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। प्रसूता ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
मौसमी बीमारियों की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश
सीएमओ ने औषधि भंडारों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश देते हुए डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर सहित अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रहने से आमजन को सुगम, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ बौंठियाल, जिला कंसलटेंट (एनसीडी) श्वेता गुसाईं, कनिष्ठ अभियंता (आयुष), कनिष्ठ सहायक अंकित भट्ट, विकास नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
