पौड़ी

1098 पर कॉल करें, मुसीबत में बच्चों को मिलेगी मदद

राजकीय इंटर कॉलेज देहलचौरी में बाल संरक्षण एवं अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

पौड़ी। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज देहलचौरी में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की जानकारी प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा, शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम या किसी अन्य संकट की स्थिति में बच्चे अथवा उनके आसपास के लोग इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में कविता ने भी छात्र-छात्राओं को 1098 की उपयोगिता समझाते हुए किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। समन्वयक अभिषेक नेगी ने महिला कल्याण विभाग की कार्यप्रणाली, बाल संरक्षण सेवाओं और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया।

बाल कल्याण समिति की सदस्य गंगोत्री नेगी ने समिति की भूमिका, बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कठिन परिस्थिति में बिना झिझक सहायता लेने का आह्वान किया।

पुलिस विभाग से सब-इंस्पेक्टर शशि भूषण ने साइबर अपराध और बाल विवाह को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया और इंटरनेट का सावधानी से इस्तेमाल करने, व्यक्तिगत जानकारी एवं पासवर्ड साझा न करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित व्यक्ति या पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम में बच्चों, अभिभावकों व समाज की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में कांस्टेबल बद्री प्रसाद एवं रतन सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र लक्ष्मी देवी समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *