पौड़ी

पौड़ी जनपद में रिक्त ग्राम पंचायत पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त सदस्य एवं ग्राम प्रधान पदों पर उप निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उप निर्वाचन का कार्यक्रम जारी किया है।

उप निर्वाचन का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में रिक्त जनप्रतिनिधि पदों को भरकर स्थानीय स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करना तथा ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 6 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

वहीं, 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। 14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से संबंधित विकासखंड मुख्यालयों में मतगणना होगी।

उप निर्वाचन जनपद के खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर, पोखड़ा, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, लैंसडौन, कोट और कल्जीखाल विकासखंडों में रिक्त पदों के लिए कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पात्र मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *