रांसी स्टेडियम में गूंजा युवा जोश, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का हुआ शुभारंभ
पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत शुक्रवार को रांसी स्टेडियम पौड़ी में सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दीप प्रज्ज्वलित, खेल महाकुंभ-2026 का ध्वजारोहण और सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र की 11 विधानसभा क्षेत्रों से 3,964 बालक-बालिका खिलाड़ी अंडर-14 एवं अंडर-19 आयुवर्ग में प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत बैंग्वाड़ी की महिलाओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। खिलाड़ियों के जोश और उत्साह से रांसी स्टेडियम खेलमय नजर आया। सांसद अनिल बलूनी ने खिलाड़ियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और खेल नियमों का पालन करने की शपथ दिलाते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता
सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 25 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसमें नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, रामनगर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, कोटद्वार, लैंसडाउन और यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंभ, एथलेटिक्स, खो-खो, पिट्ठू, कबड्डी, वॉलीबॉल, मुर्गा झपट, गोली (कंचा) और रस्साकशी सहित 11 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।
शुभारंभ अवसर पर सांसद अनिल बलूनी ने नरेन्द्रनगर और लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों की अंडर-19 टीमों के बीच फुटबॉल मैच का फुटबॉल को किक मारकर शुभारंभ किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेलों से युवाओं में विकसित होती है टीम भावना और नेतृत्व क्षमता
सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल महाकुंभ के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाने वाली मानसी नेगी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान चमोली जनपद के मजेठा गांव की युवा एथलीट मानसी नेगी को खेल प्रतिभा सम्मान ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया गया। मानसी ने गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10,000 मीटर रेस वॉक में 47 मिनट 30.94 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया था। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
