सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, लाभार्थियों को दी योजनाओं की जानकारी
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप जनपद पौड़ी गढ़वाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों एवं अन्य लाभार्थियों को बाल विकास विभाग की योजनाओं के साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के आंगनबाड़ी केंद्र घड़ियाल में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्ता और एएनएम ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र सपलोडी में आयोजित कार्यक्रम में उपप्रधान को सम्मानित किया गया तथा बाल विकास परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में बताया गया।
इसी क्रम में बाल विकास परियोजना एकेश्वर में राष्ट्रीय 9वें पोषण माह के तहत पोषण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में दो गर्भवती महिलाओं, एक धात्री महिला और चार किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। इसके अलावा एक अतिकुपोषित बच्चे को भी पोषण किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी ने पोषण के महत्व पर जानकारी दी। सुपरवाइजर रक्षा जोशी ने बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उनके माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने कहा कि जनपद में आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
