राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में जुटे जिलेभर के स्काउट-गाइड
जिलाधिकारी ने किया पांच दिवसीय कैंप का शुभारंभ, सभी विकासखंडों में बनेगा वार्षिक गतिविधि कैलेंडर
पौड़ी। भारत स्काउट गाइड की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं भारत स्काउट गाइड की जनपदीय पदेन अध्यक्ष स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में हुआ। भारत स्काउट गाइड भवन एवं राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर में आयोजित पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में जिलेभर से चयनित स्काउट एवं गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं। परीक्षा 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट-गाइड ध्वज फहराने और स्काउट-गाइड गीत के साथ किया गया। जिलाधिकारी ने राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा की प्रक्रिया की जानकारी लेने के साथ ही प्रतिभागी बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों के ठहरने, भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कैंप की गतिविधियों में पूरे मनोयोग से प्रतिभाग करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि कक्षा में सीखने के अवसर और अनुभव एक सीमा तक ही होते हैं, जबकि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को समाज से जुड़ने और सेवा भाव विकसित करने का अवसर मिलता है। स्काउटिंग बच्चों में सेवा, अनुशासन, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उनके समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बच्चों ने साझा किए राष्ट्रीय शिविरों के अनुभव
जिलाधिकारी ने बच्चों से स्काउट-गाइड की विभिन्न गतिविधियों और उनके अनुभवों की जानकारी ली। प्रतिभागियों ने बताया कि देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के शिविरों में उन्हें प्रतिभाग करने और नई गतिविधियां सीखने का अवसर मिलता है। बच्चों ने राष्ट्रीय शिविरों से जुड़े अपने अनुभव भी जिलाधिकारी के साथ साझा किए।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी को जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के लिए वार्षिक कैलेंडर एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडों में विद्यालयों को चिन्हित कर वर्षभर नियमित रूप से स्काउट-गाइड गतिविधियां संचालित करने को कहा। साथ ही वार्षिक बैठक आयोजित कर गतिविधियों की रूपरेखा पहले से तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस अभियान से जुड़ सकें।
राज्य पुरस्कार के लिए दक्षताओं की जांच
जिला स्काउट गाइड के सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि पांच दिवसीय राज्य पुरस्कार कैंप में पूरे जनपद से चयनित स्काउट एवं गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं। कैंप के दौरान राज्य पुरस्कार से संबंधित विभिन्न दक्षताओं और निर्धारित मानकों के आधार पर प्रतिभागियों की जांच परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
प्रादेशिक संगठन आयुक्त बीएस बिष्ट ने बताया कि भारत स्काउट गाइड से बच्चों का जुड़ाव केवल विद्यालयी स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रवेश की प्रक्रिया तीन वर्ष की आयु से शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण विकसित करने पर जोर दिया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, सदस्य आशीष नेगी, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, प्रशिक्षक तथा स्काउट-गाइड उपस्थित रहे।
