राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस पर जनपदभर में लगे स्वास्थ्य शिविर
652 लाभार्थियों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ, निःशुल्क दवाएं बांटने के साथ योगाभ्यास से दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
पौड़ी। राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न आयुर्वेदिक अस्पतालों और आयुष केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेदिक दिवस के अवसर पर जनपद के सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता से अवगत कराने के साथ स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा। उन्होंने बताया कि आयोजित शिविरों में 652 लाभार्थी लाभान्वित हुए।
शिविरों में पहुंचे लोगों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श लिया। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। लोगों को आयुर्वेदिक औषधियों के उपयोग और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान विभिन्न विद्यालयों और अस्पतालों में योगाभ्यास भी कराया गया। लोगों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
