आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और पोषण का संदेश, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लिया अभियान में हिस्सा
पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘एक कदम स्वच्छता की ओर’ अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। यमकेश्वर और जयहरीखाल विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

यमकेश्वर विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र माला आवई और जियाकाटल तथा जयहरीखाल विकासखंड के सारी मल्ली आंगनबाड़ी केंद्र में स्वच्छता दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि अभियान के दौरान लोगों को घर, आंगन और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि पोषण माह के तहत बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने तथा बच्चों के उचित पोषण और स्वच्छता के बीच संबंध के बारे में भी जागरूक किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए पोषण एवं स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
