पौड़ी

बनास में ग्रामीणों को मिली स्थानीय स्तर पर सुविधाएं

शिविर में 55 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी, 26 का स्वास्थ्य परीक्षण; 22 लोगों को मिली आधार सेवा
पौड़ी। तहसील चाकीसैंण के अंतर्गत बनास में आयोजित विशेष शिविर में ग्रामीणों को आधार और दिव्यांग प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर में कुल 103 लोगों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिला।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर मंगलवार को राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास में स्वास्थ्य, समाज कल्याण और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शिविर आयोजित किया। यह पहल सितंबर के प्रथम मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांग के बाद की गई।


शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए 81 लोगों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद 55 पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 26 लोग प्रमाण पत्र के लिए पात्र नहीं पाए गए। इनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार के लिए दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
वहीं आधार संबंधी सेवाओं के लिए 22 लोगों का पंजीकरण किया गया और सभी के आधार संबंधी प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किए गए।
स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से ग्रामीणों और दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब इन सेवाओं के लिए दूर-दराज से जिला मुख्यालय आने की परेशानी से राहत मिली है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि जनहित से जुड़ी सेवाओं को ग्रामीणों के नजदीक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। तहसील दिवस में प्राप्त मांग के आधार पर बनास में शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनसुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *