रेवड़ी मल्ली में धान की क्रॉप कटिंग, 30 वर्गमीटर में मिली 8.7 किलो उपज
पौड़ी। जनपद में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए बुधवार को तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत रेवड़ी मल्ली में धान की क्रॉप कटिंग कराई गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने मौके पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया और स्वयं धान की कटाई कर प्रयोग में सहभागिता की।

राजस्व विभाग की टीम ने कृषक रणबीर सिंह के खेत में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। प्रयोग के दौरान 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल से कुल 8 किलो 700 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
सीडीओ ने खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर सहित अन्य संबंधित भू-अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कृषक से धान की फसल, बोए गए बीज और उत्पादन से संबंधित जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर जनपद में विभिन्न फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इससे कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि फसल क्षति की स्थिति में क्षतिपूर्ति के आकलन तथा फसल बीमा के तहत देय राशि निर्धारित करने में भी ये आंकड़े महत्वपूर्ण आधार होते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता के साथ संपादित किए जाएं और सभी आवश्यक आंकड़ों का सही ढंग से संकलन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं कुलदीप शाह, कृषि विभाग से अमित नवानी, फसल बीमा से राकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
