पौड़ी में स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक स्थलों पर चलाया विशेष सफाई अभियान
कचरा पृथक्करण और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को लेकर नागरिकों को किया जागरूक
पौड़ी। स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत न्यू विकास कॉलोनी, सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशन परिसर समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान वार्ड संख्या-05 स्थित न्यू विकास कॉलोनी में चिन्हित क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट की विशेष सफाई की गई। इसके साथ ही नगर के विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों की गहन सफाई और धुलाई कर उन्हें स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने पर जोर दिया गया। बस स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई एवं कूड़ा उठान की कार्रवाई की गई।
नगर पालिका कर्मियों ने यात्रियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नागरिकों को गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक/विशेष और सैनिटरी कचरे के चार श्रेणियों में पृथक्करण की जानकारी दी गई।
नगर पालिका ने लोगों से घरों से निकलने वाले कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखने और निर्धारित श्रेणी के अनुसार डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से नगर पालिका को देने की अपील की। साथ ही खुले में कूड़ा न डालने और घर के साथ आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता को स्थायी रूप देने के लिए सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण और नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में सहयोग से पौड़ी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
