जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का रंगारंग आगाज
मार्च पास्ट, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पहले दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
हरिद्वार। प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता कार्यक्रम 2026-27 का मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से खेल भावना, अनुशासन और उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। ग्रामीण एवं सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी हरिद्वार एवं मुख्य संयोजक अमित कुमार चंद ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना है।
सहसंयोजक विनोद कुमार ने बताया कि जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों से प्रतिभावान खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खंड शिक्षा अधिकारी खानपुर शानेकरीम सिद्दीकी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को बच्चों की प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उद्घाटन समारोह के बाद पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। मैदान में उतरते ही खिलाड़ियों में बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह नजर आया। अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
मार्च पास्ट के दौरान खिलाड़ियों की कदमताल ने अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया। ध्वजारोहण के बाद खेल भावना की शपथ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बनाया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के साथ उनके शिक्षक, प्रशिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरिद्वार अभिषेक शुक्ला, अश्वनी चौहान, कीरत पाल, दर्शन पंवार, अरुण शर्मा, अंजेश कुमार, निरोम चौधरी, वीर सिंह, गोपाल भट्टाचार्य, केहर सिंह, संजय चौहान, अनिल चमोली, बबलू अधाना, अमरीष वर्मा, हेमेंद्र चौहान, दीपक चौहान, दिनेश बड़वाल, अजय पुंडीर, रोबिन कुमार, अमित चतुर्वेदी, सुमित चौहान, राकेश पंवार, तेजवीर सैनी, विपुल चौधरी, अमीर आलम, विवेक राठी, उमा रानी, गजेंद्र सिंह, कमला राणा, राजेश चौहान, साधुराम, श्रीकांत शर्मा, शिवा अग्रवाल, रवि गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, अजय शर्मा, चरण सिंह, सचिन नागर, शकील अहमद, भूपेंद्र उनियाल, संजय वत्स एवं राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अरुण शर्मा एवं वीर सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से किया।
