पौड़ी

25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश

पौड़ी। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार जोशी की अध्यक्षता में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभाग प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुरूप कार्यों में तेजी लाएं।

सीडीओ ने कहा कि जिन विभागों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य से अधिक है, वे आवश्यकतानुसार लक्ष्य संशोधन की कार्रवाई करें, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति स्पष्ट रूप से सामने आ सके। उन्होंने प्रस्तावित ईको टूरिज्म योजनाओं की भौतिक प्रगति के साथ स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष किए गए व्यय की जानकारी भी ली। इसके अलावा जनपद में पार्किंग विकसित करने से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में परिवहन विभाग की कार्रवाई सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, उनमें आवश्यक गति लाते हुए कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ उपलब्ध बजट का समयबद्ध एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, उप निबंधक सहकारिता सुमन कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *