पौड़ी

सिंगटाली मोटर पुल और ढांगूगढ़-सिंगटाली सड़क का भूमि पूजन 12 अक्टूबर को

24 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम बदला, द्वितीय नवरात्रि के दिन होगा भूमि पूजन

पौड़ी। सिंगटाली मोटर पुल एवं ढांगूगढ़ से सिंगटाली तक प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। दोनों परियोजनाओं का भूमि पूजन अब 12 अक्टूबर 2026, द्वितीय नवरात्रि के दिन किया जाएगा। पूर्व में भूमि पूजन कार्यक्रम 24 सितंबर को प्रस्तावित था।

समिति की ओर से बताया गया कि 23 सितंबर से पंचक प्रारंभ हो रहे हैं और इसके बाद 26 सितंबर से श्राद्ध पक्ष शुरू होगा। ऐसे में समिति ने धार्मिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए 24 सितंबर को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को नवरात्रि के दौरान आयोजित किए जाने का आग्रह किया था।

इस संबंध में समिति के प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विधायक रेणु बिष्ट से भी मुलाकात कर कार्यक्रम को नवरात्रि में आयोजित करने का अनुरोध किया। समिति के अनुसार विधायक ने भी कार्यक्रम की तिथि नवरात्रि में निर्धारित करने पर सहमति जताई और कहा कि जैसा उचित समझा जाए, उसी के अनुसार कार्यक्रम किया जाए।

समिति ने बताया कि सिंगटाली मोटर पुल क्षेत्रवासियों की भावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। पुल एवं सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़े, इसके लिए लोक निर्माण विभाग श्रीनगर को निर्माण कार्य गतिमान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अब 12 अक्टूबर को भूमि पूजन होने के साथ क्षेत्रवासियों को लंबे समय से प्रतीक्षित सिंगटाली मोटर पुल और ढांगूगढ़-सिंगटाली सड़क निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *