पौड़ी

सेवा संकल्प शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का मिला लाभ

खिर्सू में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई की गई।


शिविर में विकासखंड स्तर से संबंधित शिकायतों का खंड विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ ग्रामीणों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
खंड विकास अधिकारी खिर्सू शिव सिंह भंडारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ब्लॉक स्तर की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है।
शिविर में प्रधान संगठन के अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जीशान अली, सहायक विकास अधिकारी पंचायत मोहन सिंह रावत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, ग्राम विकास अधिकारी नितिन सिद्धार्थ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *