पौड़ी

1853 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी 1853 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्रीनगर स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज श्रीकोट के मुख्य कॉन्फ्रेंस हॉल में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को कार्यक्रम में अभिभावकों और ग्रामीण समुदाय की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गोद भराई, जन्मोत्सव सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में खेलकूद, कला, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ समुदाय को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने में भी सहायक होंगी।

अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, बाल संरक्षण और बाल विकास को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल और परिणामपरक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चन्द, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *