‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर मनाया गया राष्ट्रीय पोषण माह
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद के विभिन्न विकासखंडों में ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया गया। इस दौरान विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पोषण और बाल विकास के प्रति जागरूक किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पौष्टिक भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित कार्मिकों ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण पर विशेष जोर देते हुए संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए समुदाय की भागीदारी और जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बच्चों के स्वस्थ विकास और मातृ स्वास्थ्य को लेकर सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
