पौड़ी

डिजिटल यूथ महोत्सव के विजेताओं को डीएम ने किया सम्मानित

पौड़ी। डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 के तहत आयोजित ऑनलाइन फिटनेस एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय में मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ सप्ताह के फिटनेस एवं सांस्कृतिक चैलेंज की विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।

द्वितीय सप्ताह के फिटनेस चैलेंज (पुश-अप्स/स्क्वाट) में थलीसैंण की जुबिन नौटियाल प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत द्वितीय और पौड़ी के सार्थक बडोला तृतीय रहे। सांस्कृतिक चैलेंज ‘माई उत्तराखण्ड माई प्राइड’ में पोखड़ा की अंजू रावल प्रथम, जयहरीखाल की वांशिका नेगी द्वितीय और पोखड़ा की तनुज रावत तृतीय रहीं।

तृतीय सप्ताह के स्किपिंग फिटनेस चैलेंज में यमकेश्वर के अरमान कुमार प्रथम, गौरी द्वितीय और साहिल तृतीय रहे। युवा कोरियोग्राफी में पौड़ी की मानसी नेगी प्रथम, खिर्सू के विकास चंद्र द्वितीय और पौड़ी की तनुजा तृतीय रहीं।

चतुर्थ सप्ताह के फिंगर फिनाले फिटनेस चैलेंज में पाबौ की मुस्कान नेगी प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत द्वितीय और यमकेश्वर के हिमांशु रावत तृतीय रहे। ‘वन मिनट वन स्किल’ सांस्कृतिक चैलेंज में द्वारीखाल के आयुष सिंह प्रथम, यमकेश्वर के अंकित द्वितीय और सचिन सिंह तृतीय रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल मंच युवाओं की प्रतिभा को व्यापक पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल, संस्कृति, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल माध्यम से खेल, फिटनेस, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में डीएम ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *