पौड़ी

पोषण जागरूकता रैली के साथ राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ

आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन और पोषण योजनाओं के प्रति लोगों को किया जागरूक

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया है। इसी क्रम में दुगड्डा बाल विकास परियोजना क्षेत्र में पोषण जागरूकता रैली निकालकर राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया।

रैली में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर सुपरवाइजरों के साथ प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई रैली के दौरान चार्ट, पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से लोगों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध हॉट कुक्ड मील, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण पर विशेष जोर

रैली के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों, किशोरियों और आमजन को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में लाभार्थियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि पोषण माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता और जनसहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ खान-पान और बेहतर पोषण व्यवहार को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *