पौड़ी

श्रमिक पंजीकरण शिविरों में उमड़ी भीड़, 2779 से अधिक श्रमिकों के बने कार्ड

पात्र श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण तक जारी रहेगा अभियान : सतपाल महाराज

पौड़ी। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण अभियान के तहत आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंच रहे हैं। पिछले चार दिनों में क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों में 2779 से अधिक श्रमिकों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। बुधवार को सतपुली तहसील स्थित वेडिंग प्वाइंट में श्रम विभाग की ओर से आयोजित पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर का कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सतपाल महाराज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। इसी के तहत ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण पूरा होने तक अभियान जारी रखा जाए।

उन्होंने बताया कि मनरेगा के करीब 9.5 लाख सक्रिय श्रमिकों को भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। 90 दिन का कार्य पूरा करने वाले मनरेगा श्रमिक बोर्ड की योजनाओं के पात्र होंगे। उन्होंने श्रमिकों से नियमित रूप से पंजीकरण का नवीनीकरण कराने की अपील की।

‘श्रमिक उत्तराखंड की विकासशक्ति’

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रमिक केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति हैं। प्रदेश के निर्माण और विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘श्रमेव जयते’ मंत्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार श्रमिक कल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र श्रमिक को पंजीकरण या नवीनीकरण के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। बोर्ड की ओर से संचालित पुत्री विवाह अनुदान, बच्चों की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

महाराज ने विभागीय अधिकारियों को शिविरों का समय बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता विवेक कुमार, नगर पंचायत सतपुली की ईओ पूनम, खंड विकास अधिकारी जयहरीखाल रवि सैनी, द्वारीखाल के बीडीओ जयकृत बिष्ट सहित बृजमोहन रावत, सुरेंद्र रावत, दिगंबर रावत, वेद प्रकाश वर्मा, अंकित कुमार, गंगा खंतवाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *