वीबीजीरामजी के तहत पेयजल और स्वच्छता कार्यों की बनेगी ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना
जल स्रोतों के संरक्षण, पेयजल ढांचे के अनुरक्षण और स्वच्छता गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश
पौड़ी। वीबीजीरामजी के अंतर्गत अनुमन्य पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बुधवार को विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में पेयजल सुरक्षा, जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन, जल गुणवत्ता, पेयजल अवसंरचना के अनुरक्षण तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक ग्राम पंचायत में वीबीजीरामजी के तहत अनुमन्य पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों को चिन्हित कर व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना में जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन, पेयजल लाइनों व अन्य संरचनाओं के अनुरक्षण, जल भंडारण टैंकों एवं स्रोतों की नियमित सफाई, जल गुणवत्ता, क्लोरीनेशन तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को शामिल किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों को जल जीवन मिशन, स्वजल और अन्य योजनाओं के साथ कन्वर्जेंस के माध्यम से संचालित किया जाए। कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीणों की भागीदारी पर जोर
बैठक में जल जीवन स्वच्छता समितियों को सक्रिय करने, ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ाने और ग्राम पंचायत स्तर पर जल स्रोतों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सीडीओ ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में समुदाय की भागीदारी बढ़ने से योजनाओं की स्थायित्व और प्रभावशीलता बेहतर होगी।
स्वजल एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर स्थायी और परिणाम आधारित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और ग्राम पंचायतवार सुव्यवस्थित कार्ययोजना के माध्यम से पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय खंडूरी, जिला पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नवनीत कटारिया, कार्यक्रम प्रबंधक स्वजल दीपक रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
