नई पहल स्वायत्त सहकारिता समिति को मिला पिकअप वाहन, ग्रामीण परिवहन के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
नैनीडांडा/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना के तहत उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूएसआरएलएम) एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से विकासखंड नैनीडांडा की नई पहल स्वायत्त सहकारिता समिति, उम्टा-हल्दूखाल को ग्रामीण परिवहन सेवा के लिए पिकअप वाहन उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी की उपस्थिति में ज्येष्ठ प्रमुख रेखा देवी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय तथा नई पहल सीएलएफ की अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान पिकअप वाहन नई पहल स्वायत्त सहकारिता समिति को विधिवत सुपुर्द किया गया।
खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडेय ने बताया कि आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन संबंधी आवश्यकताओं को स्थानीय स्तर पर पूरा करने के साथ स्वयं सहायता समूहों एवं उनके संघों से जुड़े परिवारों के लिए आय और स्वरोजगार के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराना है। पिकअप वाहन के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन एवं परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी सुदृढ़ होंगे। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़े परिवारों को स्वरोजगार का नया माध्यम उपलब्ध होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में नई पहल सीएलएफ के पदाधिकारी एवं स्टाफ, एनआरएलएम ब्लॉक एवं फील्ड स्टाफ, ग्रामोत्थान ब्लॉक स्टाफ सहित संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
