पौड़ी

पोखड़ा में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर, मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने का किया आह्वान

पोखड़ा/पौड़ी।पौड़ी गढ़वाल। श्रम विभाग की ओर से सोमवार को पोखड़ा ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मंत्री सतपाल महाराज ने श्रमिकों से पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने पसीने और परिश्रम से प्रदेश के विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। सड़क, भवन निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र सहित विभिन्न विकास कार्यों में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके योगदान के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिले। पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है।

महाराज ने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले श्रमिकों को प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए और पात्र श्रमिकों के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, खंड विकास अधिकारी एसपी शाह, जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी सहित शैलेन्द्र दर्शन, सुयश रावत, महिपाल सिंह नेगी, प्रभुशरण बुडाकोटी, सुनील, विकास, पुष्कर जोशी, भगत सिंह रावत और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *