जनता मिलन में 19 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
सड़क, पेयजल, गैस आपूर्ति और बस सेवा की समस्याओं पर सीडीओ ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सड़क, राजस्व, पेयजल, खाद्य आपूर्ति, परिवहन और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

भितांई मल्ली निवासी गिरीश चंद्र ने दाणोधार-खंडाह मोटर मार्ग का ऊपरी पुश्ता ढहने से मकान को खतरा होने की शिकायत की। वहीं उज्याड़ी निवासी हरेन्द्र ने डांग-उज्याड़ी मोटर मार्ग पर पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से आवासीय भवन को नुकसान पहुंचने की समस्या रखी। सीडीओ ने लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को तत्काल अवर अभियंता को मौके पर भेजकर निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पाबौ क्षेत्र में सड़क से गौशाला और पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर भी संबंधित विभाग को मौका निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गडोली-खंडाह मार्ग के सुधारीकरण का होगा सर्वे
गडोली-खंडाह मार्ग के सुधारीकरण की मांग पर पीएमजीएसवाई को मौके पर निरीक्षण कर सर्वे करने के निर्देश दिए गए। एकेश्वर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने पाटीसैंण मार्ग से पोखड़ा तक पूर्व की भांति सुबह आठ बजे बस सेवा संचालित करने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एआरटीओ ने बताया कि बस संचालन के संबंध में जीएमओ को पत्र भेजा जाएगा।
गांवों में महीने में दो बार पहुंचेगी गैस
पौड़ी के निकट दांदलधार क्षेत्र के ग्रामीणों ने गैस वितरण में परेशानी की शिकायत करते हुए गांव तक छोटे वाहनों से सिलेंडर पहुंचाने की मांग की। सीडीओ ने जिला पूर्ति अधिकारी को गैस एजेंसियों के माध्यम से महीने में कम से कम दो बार गांवों तक गैस आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान धनाऊं ने ल्वाली बाजार में नालियों के सुधारीकरण, धनाऊं मल्ला में स्वतंत्रता सेनानी स्व. उमेद सिंह रावत की स्मृति में प्रवेश द्वार निर्माण, जीआईसी कालेश्वर के खेल मैदान की क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत और ल्वाली बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर
सीडीओ ने पूर्व में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण कर अद्यतन आख्या उपलब्ध कराने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी मुख्यमंत्री स्तर पर नियमित समीक्षा होती है। ऐसे में सभी विभाग शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बल्ली गांव में पेयजल समस्या का समाधान
तहसील कोटद्वार के बल्ली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत का समाधान किया गया। भारी बारिश और अतिवृष्टि के कारण मुख्य स्रोत से जुड़ी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। विभाग द्वारा लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। तब तक ग्रामीणों को टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता त्रिलोक सिंह रावत की फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने की शिकायत पर नगर पालिका परिषद पौड़ी ने संबंधित दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराई। साथ ही निर्धारित मूल्य सूची का नियमित प्रदर्शन सुनिश्चित कराया गया।
जनता मिलन कार्यक्रम में डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
