पौड़ी

भजन-जागर की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सुबह चार बजे हुई आरती

द्वारीखाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर नीलकंठ महादेव मंदिर पुल्यासू में शुक्रवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। सुबह मंदिर में रुद्राभिषेक हुआ, जबकि शाम को भंडारे के बाद जागरण का आयोजन किया गया।

अग्निवीर में भर्ती होने पर अमन नेगी के परिवार की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं को जलेबी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की आठ कीर्तन मंडलियों एवं जनप्रतिनिधियों को पटका ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

रात्रि नौ बजे ब्राह्मणों द्वारा पंचांग पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद रात दस बजे से भजन एवं जागर की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। पुष्कर भारद्वाज ने गुरु, गणेश एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शकुंतला बुड़ाकोटी एवं संगीता गढ़वाली की जोड़ी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। हेमंत बिष्ट ने भी शानदार प्रस्तुति दी।

जीतू पहाड़ी एवं साथियों के भजन-जागर ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। जागर की प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करने लगे। सुबह चार बजे आरती के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम में गायक जीतू पहाड़ी, हेमंत बिष्ट, पुष्कर भारद्वाज, पंकज कुमार, शकुंतला बुड़ाकोटी एवं संगीता गढ़वाली ने प्रस्तुतियां दीं। संगीत निर्देशन सुनील ने किया, जबकि ढोलक पर दीपक और पैड पर विजेंद्र ने संगत दी। सोनू बछवाण आर्ट ग्रुप की मनमोहक झांकी और तेजू साउंड की व्यवस्था ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया।

इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख द्वारीखाल कौशल्या देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुराड़ी कादम्बरी नेगी, ग्राम पंचायत प्रधान सुराड़ी विनीता भंडारी, ग्राम पंचायत प्रधान पुल्यासू विमला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुल्यासू मनीषा नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता दिगपाल सिंह नेगी, मंदिर समिति अध्यक्ष सते सिंह नेगी, सचिव जगदीश सिंह रावत, रणजीत सिंह नेगी, विनोद सिंह नेगी, वीरसिंह रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *