पौड़ी

गोविंद बल्लभ पंत जयंती की तैयारियों को लेकर एडीएम ने की बैठक

कलेक्ट्रेट व जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में होंगे कार्यक्रम, विद्यालयों में होंगी निबंध व भाषण प्रतियोगिताएं

पौड़ी। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितंबर को जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर और जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने शिक्षा विभाग को जिले के सभी विद्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जयंती समारोह में सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर सभी सरकारी कार्यालयों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण भी किया जाएगा।

जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में पंत के जीवन एवं योगदान पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें नुक्कड़ नाटक, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं प्रमुख हैं।

एडीएम ने संस्कृति विभाग को कलेक्ट्रेट परिसर और घुड़दौड़ी स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं नगर पालिका को शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, संस्कृति विभाग की प्रबंधक सरिता सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से प्रीति डिमरी, शिक्षा विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जुयाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *