कोटद्वार में आधार सेवा केंद्र शुरू, अब आधार सेवाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा अन्य शहर
सिम्भलचौड़ में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया केंद्र का शुभारंभ, सप्ताह के सातों दिन मिलेंगी सेवाएं
कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र के लोगों को अब आधार से जुड़े कार्यों के लिए देहरादून या अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सिम्भलचौड़ में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र शुरू हो गया है। शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने केंद्र का शुभारंभ किया।

केंद्र में आधार नामांकन के साथ जनसांख्यिकीय एवं जैविक पहचान संबंधी अद्यतन सहित विभिन्न आधार सेवाएं उपलब्ध होंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केंद्र निर्धारित अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सातों दिन संचालित होगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष एवं सुगम सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
शुभारंभ अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने स्वयं अपने आधार कार्ड का जैविक पहचान अद्यतन कराया। उन्होंने फोटो, अंगुलियों के निशान और आंखों की पुतली की पहचान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने नागरिकों से आधार संबंधी आवश्यक अपडेट समय पर कराने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का अनिवार्य जैविक पहचान अद्यतन समय पर कराने को कहा। बताया कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए यह सुविधा निःशुल्क है। समय पर आधार अपडेट होने से बच्चों को स्कूल, छात्रवृत्ति और अन्य आवश्यक दस्तावेजी कार्यों में आधार संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आधार सेवा केंद्र क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करेगा। केंद्र शुरू होने से लोगों के समय और आवागमन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें अपने ही शहर में आधार संबंधी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।
इस अवसर पर यूआईडीएआई के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली के निदेशक कुमार उज्ज्वल, परियोजना प्रबंधक मनु त्रिपाठी, सहायक प्रबंधक नितीश सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
