नीलकंठ में उक्रांद का जनसंपर्क अभियान, मिशन-2027 को लेकर व्यापारियों से किया संवाद
व्यापारियों ने उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत करने और मिशन-2027 में समर्थन देने का जताया संकल्प।
यमकेश्वर/पौड़ी। नीलकंठ महादेव की पावन धरती पर उत्तराखंड क्रांति दल की विचारधारा और मिशन-2027 को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनसंपर्क एवं क्षेत्रीय भ्रमण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नीलकंठ क्षेत्र के व्यापारियों से संवाद कर उत्तराखंड के स्वाभिमान और स्थानीय हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

अभियान का नेतृत्व यूकेडी ब्लॉक व्यापार मंडल अध्यक्ष अनुप पयाल ने किया, जबकि केंद्रीय प्रचार मंत्री ऋषि शर्मा की मौजूदगी रही। इस दौरान उक्रांद कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों के बीच पार्टी की विचारधारा और उत्तराखंड के हितों को लेकर दल के संघर्ष एवं आगामी मिशन-2027 की जानकारी साझा की।
अभियान के आयोजकों के अनुसार, नीलकंठ व्यापार मंडल के व्यापारियों ने उक्रांद की विचारधारा को समझते हुए मिशन-2027 में दल को मजबूत करने और विजयी बनाने के लिए समर्थन देने का संकल्प लिया।
उक्रांद नेताओं ने व्यापारी वर्ग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही दल के लिए सबसे बड़ी ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के स्वाभिमान, स्थानीय हितों और प्रदेश के भविष्य को लेकर जनसंपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा।
“जन-जन का साथ, उत्तराखंड के स्वाभिमान की बात” के संदेश के साथ अभियान का समापन किया गया।
