पौड़ी

थलीसैंण की सड़कों को लेकर कैबिनेट मंत्री ने की समीक्षा

वन भूमि के लंबित प्रकरण जल्द निपटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी के निर्देश

पौड़ी। विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के विकासखंड थलीसैंण में निर्माणाधीन, क्षतिग्रस्त और वन भूमि से संबंधित सड़कों को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को बूंगीधार स्थित लोनिवि अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की स्थिति और निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों और क्षतिग्रस्त मार्गों के मरम्मत कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। सड़क निर्माण में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान करने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने डीएफओ से मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वन भूमि संबंधी अड़चनों के कारण सड़क निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच सुगम बनाती हैं। इसलिए सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं।

मंत्री ने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मार्गों और ढह चुके पुश्तों की मरम्मत में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुश्तों का समय पर पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी न हो।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *