ऋषिकेश

वेणुगोपाल महोत्सव में गूंजे श्रीकृष्ण के मधुर भजन, भक्ति में झूमे श्रद्धालु

ऋषिकेश। अध्यात्म, संस्कृति एवं धर्म जागरण के समन्वय केंद्र श्रीकृष्ण कुंज में आयोजित वेणुगोपाल महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तराखंड पीठाधीश्वर, वेदांत, व्याकरण एवं पुराणों के पुरोधा पूज्य गुरुदेव कृष्णाचार्य द्वारा स्थापित तथा वर्तमान संचालक युवा संत गोपालाचार्य द्वारा पोषित श्रीकृष्ण कुंज में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महोत्सव के अवसर पर आयोजित भजन संध्या में भगवान श्रीकृष्ण के मधुर भजनों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते नजर आए। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।


इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण को विधिवत झूला झुलाया और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
वेणुगोपाल महोत्सव में गढ़भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह कंडियाल, सांस्कृतिक सचिव रामकृष्ण पोखरियाल, कोषाध्यक्ष धनीराम बिंजोलॉ, उपाध्यक्ष घनश्याम नौटियाल तथा संगठन सचिव एवं सहयोगी सुरेंद्र भंडारी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने युवा संत गोपालाचार्य से आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के पावन दर्शन किए।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ लोक संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *