पौड़ी

पर्वों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

श्रीनगर व कोटद्वार में 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, बिना लेबल सामग्री नष्ट कराई

पौड़ी। आगामी रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में श्रीनगर व कोटद्वार क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के तहत कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिनमें पांच विधिक और पांच सर्विलांस नमूने शामिल हैं। इनमें छह नमूने मिठाई एवं नमकीन तथा चार अन्य खाद्य पदार्थों के हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान बिना लेबल और बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री, जिसमें बेकरी उत्पाद एवं नमकीन शामिल थे, को नियमानुसार नष्ट कराया गया। मिठाई एवं स्वीट शॉप संचालकों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

श्रीनगर में सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल तथा कोटद्वार में तहसीलदार सनवाल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा एवं राजस्व उपनिरीक्षक अमित नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *