पौड़ी

गौधामों में चारा-पानी और व्यवस्थाओं का जायजा

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कल्जीखाल के हीरांस और जय ज्वालपा गौधाम का किया निरीक्षण, पर्याप्त चारा रखने के दिए निर्देश

पौड़ी। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने विकासखंड कल्जीखाल के हीरांस गौधाम और जय ज्वालपा गौधाम का निरीक्षण कर गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौधामों में चारा, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जय ज्वालपा गौधाम के निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने वहां मौजूद गोवंश की संख्या और उनकी देखभाल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गोवंश की सुरक्षा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।

हीरांस गौधाम में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने चारा स्टोर का निरीक्षण कर उपलब्ध चारे की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखा जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में चारे की कमी न हो। साथ ही पशुपालन विभाग की टीम को समय-समय पर गौधाम का निरीक्षण कर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि गौधामों में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित संचालकों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कानूनगो दशरथ नाथ, राजस्व उपनिरीक्षक सूरज सिंह, नीमा, शिव सिंह रावत सहित गौधाम संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *