बच्चों को छेड़छाड़ से बचाव और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी
मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की ओर से संस्कार पब्लिक स्कूल अगरोड़ा में जागरूकता कार्यशाला आयोजित
पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में शनिवार को संस्कार पब्लिक स्कूल, अगरोड़ा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की ओर से आयोजित कार्यशाला में बच्चों को छेड़छाड़ और किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में बच्चों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है अथवा उन्हें किसी परिस्थिति में असहज महसूस होता है तो वे उसे पहचानें, चुप न रहें और तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज न करने के लिए प्रेरित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने बच्चों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मिशन शक्ति वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षित स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन और सहायता केंद्रों से मदद ली जा सकती है।
कार्यशाला में विद्यालय के प्रधानाचार्य पीटर मसीह सहित गीता भंडारी, वंदना नेगी, रचना थपलियाल, सुनीता नेगी, प्रीति रावत, ऋतु नेगी एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
