पौड़ी

‘भारतम ज्ञान मिशन’ के तहत प्राचीन ज्ञान के डिजिटाइजेशन पर जोर

पौड़ी। भारत सरकार द्वारा संचालित ‘भारतम ज्ञान मिशन’ अभियान के तहत प्राचीन ज्ञान, परंपराओं और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को विकास भवन में जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक में सीडीओ ने अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्राचीन ज्ञान एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संस्थानों, मंदिरों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध प्राचीन ज्ञान से संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित दस्तावेजों की फोटो लेकर उन्हें डिजिटल माध्यम से अपलोड किया जाएगा।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जाए और संबंधित व्यक्तियों, संस्थानों तथा मंदिर प्रबंधन समितियों को अभियान के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास प्राचीन ज्ञान, परंपरा, संस्कृति अथवा इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध हैं, उन्हें सर्वेयर के पहुंचने पर दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर मौजूद महत्वपूर्ण ज्ञान एवं ऐतिहासिक सामग्री को संरक्षित करने में अभियान को सफलता मिलेगी।

बैठक में जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *